दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को ‘केजरीवाल आपके द्वार’ अभियान की शुरुआत की जिसका मकसद चुनाव से पहले लोगों तक सीधे अपना संदेश पहुंचाना है। आप ने इस अभियान के तहत एक वेबसाइट और मोबाइल नंबर जारी किया है।
इस अभियान की शुरुआत करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘मेरा मन था कि मैं दिल्ली के हर घर और परिवार तक जाऊं, अपना रिपोर्ट कार्ड दिखाऊं और अगर उनके कोई सवाल हैं तो उनका जवाब दूं। लेकिन यह व्यवहारिक नहीं था।
ऐसे में मैंने अपनी टीम से कहा कि मैं जनता से कैसे सीधे बात कर सकता हूं। अब यह सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है जिसके माध्यम से मैं सीधे लोगों के घर तक दस्तक दूंगा।’’ आप ने http://welcomekejriwal.in नामक वेबसाइट तैयार की है। इसके साथ ही उसने मोबाइल नंबर 7690944444 भी जारी किया है।
केजरीवाल का कहना है कि इस नंबर पर मिस्ड कॉल देने से लोगों के मोबाइल पर एक लिंक पहुंचेगा और फिर वह लोगों से संवाद कर पाएंगे। इस अभियान की शुरुआत के मौके पर ‘अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ’ के अध्यक्ष संजय गहलोत अपने समर्थकों के साथ आप में शामिल हुए।


Download Android App
Download iOS App



