एमसीडी उप चुनावों में AAP का जलवा, केजरीवाल बोले- जनता ने ‘काम के नाम’ पर किया मतदान

Summary :

दिल्ली नगर निगम के उप चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) के भारी जीत दर्ज करने पर खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एवं आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मतदाताओं को बधाई दी।

दिल्ली नगर निगम के उप चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) के भारी जीत दर्ज करने पर खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एवं आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मतदाताओं को बधाई दी है और कहा है कि दिल्ली की जनता ने एक बार फिर ‘काम के नाम’ पर मतदान किया है।
केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा, “ दिल्ली के लोगों ने एक बार फिर ‘काम के नाम’ पर वोट दिया है। सबको बधाई। एमसीडी में 15 साल के भाजपा के कुशासन से जनता परेशान हो चुकी है। लोग अब एमसीडी में भी आप की सरकार बनाने के लिए बेताब हैं।”
उप मुख्यमंत्री एवं आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने इन उप चुनावों के नतीजों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “एमसीडी उप चुनावों में पांच में से चार वार्डों पर जीत हासिल करने पर आप कार्यकर्ताओं को बधाई। भाजपा के शासन से दिल्ली की जनता अब दुखी हो चुकी है। अगले साल होने वाले एमसीडी चुनावों में जनता अरविंद केजरीवाल जी की ईमानदार और काम करने वाली राजनीति को लेकर आएगी।”
गौरतलब है कि दिल्ली नगर निगम के पांच वार्डाें पर हुए उप चुनावों के आज घोषित नतीजों के अनुसार चार पर आप और एक पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। भाजपा का इन उप चुनावों में खाता भी नहीं खुल सका है। दिल्ली के तीनों नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा है।

Desk Team