AAP प्रवक्ता चड्ढा ने कसा PM मोदी पर तंज, कहा- चुनाव प्रबंधन को छोड़िए, कोविड प्रबंधन कीजिए शुरू

Summary :

आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने देश में कोरोना वायरस संक्रमण के हालात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए उनसे चुनाव प्रबंधन छोड़ कर कोरोना प्रबंधन शुरू करने को कहा।

आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने देश में कोरोना वायरस संक्रमण के हालात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए उनसे ‘‘चुनाव प्रबंधन छोड़ कर कोरोना प्रबंधन शुरू करने’’ को कहा। आप नेता ने एक संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि जिस तेज गति से देश में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं उतनी ही तेज रफ्तार से भाजपा की चुनावी रैलियां भी बढ़ रही हैं। 
आप विधायक ने कहा,‘‘देश में कोरोना वायरस संक्रमण से बिगड़ते हालात देखते हुए मैं चाहता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी चुनाव प्रबंधन छोड़ कर कोरोना प्रबंधन शुरू करें।’’ उन्होंने कहा,‘‘चुनाव आएंगे और जाएंगे, कृपया करके पहले लोगों की जिंदगियां बचाइए।’’ 
गौरतलब है कि देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,61,500 नए मामले सामने आने के साथ कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 1,47,88,109 हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक उपचाराधीन मामले 18 लाख के पार पहुंच गए हैं। मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक 1,501 और संक्रमितों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 1,77,150 हो गई। 

Desk Team