नई दिल्ली : दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने आम आदमी पार्टी (आप) से निलंबित पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा द्वारा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खिलाफ लगाये गये भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े मामले में आज बयान दर्ज किये।
मिश्रा ने हाल ही में केजरीवाल द्वारा 400 करोड़ रुपये के टैंकर घोटाला मामले की जांच में देरी करने का अरोप लगाते हुये एसीबी में शिकायत दर्ज करायी है। मिश्रा ने बताया कि उन्होंने दोपहर 12 बजे एसीबी के कार्यालय में अपने आरोपों को लेकर बयान दर्ज कराये।
लगभग डेढ़ घंटे तक दर्ज किये गये बयान के दौरान उन्होंने एसीबी अधिकारियों को अपनी शिकायत से जुड़े तथ्यों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आगामी सोमवार को उन्हें एक बार फिर एसीबी में इस मामले को लेकर बयान दर्ज कराने के लिये बुलाया गया है। पार्टी से बगावत कर मिश्रा इस समय आप नेताओं की विदेश यात्राओं का ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग को लेकर अनशन कर रहे हैं। अपने घर के बाहर दो दिन से अनशन पर बैठे मिश्रा ने केजरीवाल से आप नेताओं संजय सिंह और राघव चड्ढा सहित अन्य नेताओं की सरकारी खर्च पर विदेश यात्राओं का ब्यौरा मांगा है।
– भाषा


Download Android App
Download iOS App



