चारा घोटाले में रांची में सजा भुगत रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को किडनी में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मंगलवार शाम लगभग छह बजे विशेष विमान से दिल्ली स्थित एम्स लाया गया जहां उन्हें आपातकालीन विभाग में रात करीब नौ बजे भर्ती कराया गया था। हालांकि लालू यादव की जांच पूरी होने के बाद एम्स ने उन्हें भर्ती करने योग्य नहीं बताया और रिम्स वापस लौटने की बात कही। इस कारण लालू प्रसाद यादव को रांची स्थित रिम्स वापस भेजा जा रहा है, आज 3:00 बजे लालू प्रसाद यादव रिम्स पहुंच जाएंगे।
किडनी में क्रेटनीन का लेवल बढ़ने से बिगड़ी लालू की तबियत
लालू प्रसाद यादव की बिगड़ती तबियत की वजह किडनी में क्रेटनीन का लेवल बढ़ने को बताया गया था, लेकिन दिल्ली के एम्स में जब लालू का फुल बॉडी चेकअप हुआ तो उन्हें ठीक-ठाक पाया गया। लालू कल रात एम्स पहुंचे थे जहां उन्हें कुछ घंटे निगरानी में रखते हुए उनकी जांच की गई थी, इसके बाद उन्हें इमरजेंसी से छुट्टी दे दी गई थी। बता दें कि रांची स्थित राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के मेडिकल बोर्ड की बैठक में मंगलवार को लालू प्रसाद यादव को दिल्ली भेजने पर फैसला लिया गया था।
लालू यादव के हृदय एवं गुर्दे (किडनी) पर हो रहा असर
रिम्स निदेशक डॉ. कामेश्वर प्रसाद ने कहा कि लालू यादव की स्थिति खराब होती जा रही है और उनके हृदय एवं गुर्दे (किडनी) पर असर हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी इलाज के लिए उन्हें एम्स दिल्ली भेजा गया था। बोर्ड ने पाया कि लालू यादव का क्रिएटिनिन स्तर बढ़ता जा रहा है और वह नियंत्रित नहीं हो पा रहा है। लालू यादव के साथ ही चारा घोटाले में सजा भुगत रहे राजद के पूर्व सांसद आरके राणा को भी दिल्ली ले जाने की तैयारी है जिसके लिए रिम्स ने अनुशंसा कर दी है, लेकिन अभी उन्हें दिल्ली ले जाने की व्यवस्था नहीं हो सकी है।
लालू प्रसाद यादव और आरके राणा की बिगड़ रही तबीयत
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और आरके राणा की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए रिम्स प्रबंधन के द्वारा बनाये गये मेडिकल बोर्ड ने मंगलवार को एक आपातकालीन बैठक की जिसमें लालू के मुख्य चिकित्सक डॉ. विद्यापति के साथ रिम्स के निदेशक और अधीक्षक भी मौजूद थे। इस निर्णय की जानकारी चिकित्सकों ने जेल प्रबंधन को दी जिसने लालू को दिल्ली ले जाने की इजाजत आनन-फानन में दे दी। वहीं पूर्व सांसद आरके राणा को लेकर रिम्स ट्रॉमा सेंटर के प्रमुख डॉक्टर प्रदीप भट्टाचार्य ने बताया कि पूर्व सांसद आर के राणा के पेट और लीवर में पानी भर गया है। इस वजह से उन्हें ऑक्सीजन की कमी हो रही है जिसके चलते उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।
जानिए किन बिमारियों से ग्रस्त है RJD प्रमुख
डॉक्टर प्रदीप भट्टाचार्य ने बताया कि आरके राणा जिस स्थिति में हैं, वैसी स्थिति को चिकित्सा क्षेत्र में कई अंगों का काम नहीं करना माना जाता है। डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी के मामले में सजायाफ्ता राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव का क्रिएटिनिन लेवल 4.1 से बढ़कर 4.6 हो गया है। इस बीच डॉक्टर विद्यापति ने बताया कि लालू यादव ब्लड शुगर, रक्तचाप, हृदय रोग, गुर्दे की बीमारी, तनाव, थैलीसीमिया, प्रोस्टेट के बढ़ने, यूरिक एसिड के बढ़ने तथा मस्तिष्क से सम्बन्धित बीमारियों से ग्रस्त हैं।
उन्होंने बताया कि इतना ही नहीं लालू कमजोर प्रतिरोधक क्षमता, दाहिने कंधे की हड्डी में दर्द, पैर की हड्डी की समस्या तथा दृष्टि दोष से भी ग्रस्त हैं। डॉ. विद्यापति ने बताया कि उनका गुर्दा सिर्फ 15-20 प्रतिशत क्षमता के साथ काम कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



