दिल्ली पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव ने अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे महानगर में गहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है। पुलिस ने रविवार को यहां यह जानकारी दी। पुलिस प्रमुख ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित एक बैठक में महानगर के 15 पुलिस जिलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
पुलिस ने बताया कि आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर, किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जिला उपायुक्तों को अपने क्षेत्रों में गश्त तेज करने और घर-घर जाकर सत्यापन करने के लिए कहा गया है।
उन्होंने बताया कि श्रीवास्तव ने आतंकवाद निरोधी उपायों को मजबूत करने के लिए पुलिस की तैनाती बढ़ाने, संवेदनशील जगहों पर गहन और समन्वित जाँच, किरायेदारों और नौकरों के सत्यापन, साइबर कैफे मालिकों, सुरक्षा गार्डों, पुरानी कारों के डीलरों और मोबाइल डीलरों समेत कई लोगों की निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया। कोविड-19 महामारी के कारण होटल और गेस्ट हाउस चालू नहीं हैं, फिर भी अधिकारियों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर, शहर के सभी 15 पुलिस जिलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा वीडियो-कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की गई। हमने खुफिया जानकारी भी एकत्र की है और उसी के अनुसार काम कर रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे शहर के सभी स्थानों पर गहन सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।’’
हर साल के विपरीत, केंद्र सरकार ने इस बार कोरोना वायरस महामारी को देखते हुये सभी राज्यों को बड़ी सभाओं से बचने, सामाजिक दूरी को सुनिश्चित करने और स्वतंत्रता दिवस समारोहों को वेबकास्ट करने के लिए कहा है।
गृह मंत्रालय ने परामर्श जारी कर कहा कि महामारी के बीच स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए विभिन्न कार्यक्रमों या गतिविधियों का आयोजन करते समय कुछ सुरक्षा उपायों का पालन करना अनिवार्य होगा।
सामाजिक दूरी को बनाए रखना, मास्क पहनना, समुचित स्वच्छता, बड़ी सभाओं से बचना, बीमार व्यक्तियों की रक्षा करना और स्वास्थ्य तथा गृह मंत्रालयों द्वारा जारी सभी कोविड-19 दिशानिर्देशों का पालन करना इत्यादि निर्देश इसमें शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



