केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को संपूर्ण लद्दाख क्षेत्र के लिए इंडियन ऑयल रिफाइनरी द्वारा विकसित शीतकालीन ग्रेड डीजल लॉन्च किया। इससे केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) लद्दाख के विकास को बढ़ावा मिलेगा। इंडियन ऑयल कॉर्प (आईओसी) की पानीपत रिफाइनरी एक अलग तरह का डीजल लेकर आई है, जो नए यूटी बने लद्दाख की कठोर सर्दियों की स्थिति का सामना कर सकता है।
इस क्षेत्र में तापमान -30 डिग्री तक अकसर गिर जाया करता है। डीजल के सामान्य ग्रेड के विपरीत पानीपत रिफाइनरी द्वारा पहली बार उत्पादित शीतकालीन ग्रेड डीजल का एक पॉर प्वाइंट – 33 डिग्री सेल्सियस और इस क्षेत्र के कठोर सर्दियों के मौसम में भी इसकी तरलता बरकरार रहती है।

यह शीतकालीन ग्रेड डीजल बीआईएस के बीएस-6 ग्रेड डीजल के मानक को भी पूरा करता है। अमित शाह ने राष्ट्रीय राजधानी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लद्दाख में इस विशेष ग्रेड के डीजल की आपूर्ति शुरू की। इस अवसर पर पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान और लद्दाख के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से सांसद जामयांग शेरिंग नामग्याल उपस्थित रहे।
शाह ने कहा कि लद्दाख के लिए यह विशेष डीजल अत्यधिक सर्दियों की स्थिति के दौरान ईंधन के नुकसान की समस्या को हल करने के लिए विकसित किया गया है। ऐसा कहा जा रहा है कि इस परियोजना की लागत 50,000 करोड़ रुपये से अधिक है। इस दौरान पहले ट्रक टैंक को पानीपत रिफाइनरी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। आगे जालंधर टर्मिनल से लेह और कारगिल डिपो के लिए डीजल भेजा जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



