West District Crime News : वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की नारायणा थाना पुलिस ने सेना के एक लेफ्टिनेंट कर्नल के घर हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सेना का ‘संभव’ मोबाइल फोन, एसबीआई का एटीएम कार्ड, चांदी की चेन और चांदी का कड़ा बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और चोरी के सामान को बेचकर नशे के लिए पैसे जुटाने की फिराक में था। डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी के मार्गदर्शन, एसीपी इंद्रराज मीणा की निगरानी और एसएचओ धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसमें हेड कांस्टेबल कुलदीप त्यागी, पवन, दलीप, सुनील और कांस्टेबल रिंकू शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, लेफ्टिनेंट कर्नल कैलाश चंद समोता के नारायणा स्थित घर में 4 अगस्त को चोरी हुई थी। सेना से जुड़े मोबाइल फोन समेत अन्य सामान चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने इलाके में लगातार संदिग्धों की जांच और निगरानी शुरू कर दी। पुलिस ने दिन-रात मेहनत करते हुए इलाके में मुखबिरों को सक्रिय किया और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि नशे का आदी एक युवक आर्मी क्वार्टर के आसपास घूमता रहता है। उसकी गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने उसकी निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान 6 अगस्त की रात करीब एक बजे सूचना मिली कि संदिग्ध बीआरओ बस स्टैंड, रिंग रोड, नारायणा के पास आने वाला है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर घेराबंदी कर सचिन को पकड़ लिया। तलाशी में चोरी का पूरा सामान बरामद हो गया। पूछताछ में आरोपी ने सेना अधिकारी के घर चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक वह चोरी का सामान बेचकर नशे के लिए पैसे जुटाने वाला था। जांच में यह भी सामने आया कि सचिन पहले दिल्ली कैंट थाना क्षेत्र में नाबालिग रहते चोरी के एक मामले में शामिल रहा है।


Download Android App
Download iOS App




