एटीएम व कार में लगी आग, कोई हताहत नहीं

Summary :

दिल्ली के साकेत इलाके के अंतर्गत एमबी रोड पर अचानक चलती कैब में आग लग जाने से वहां अफरा-तफरी मच गई।

दक्षिणी दिल्ली : दिल्ली के साकेत इलाके के अंतर्गत एमबी रोड पर अचानक चलती कैब में आग लग जाने से वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना मंगलवार सुबह की है, जब आग लगने के बाद कैब चालक ने कैब रोक दी और फटाफट कैब में सवार सभी लोग बाहर निकल आए। बाद में हादसे की सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। हालांकि जबतक आग बुझाई, तब तक पूरी कार जलकर राख हो गई। 
आग लगने की वजह महरौली-बदरपुर सड़क पर कुछ देर के जाम लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है, पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है। कैब चालक मिथिलेश ने बताया कि वह कैब एक कम्पनी की थी। जिसमें एक सवारी बैठाकर वह मंगलवार सुबह दस बजे के आसपास एमबी रोड होते हुए महरौली से बदरपुर जा रहा था। जब अचानक कार से धुंआ निकलने लगा। 
धुंआ देखते ही कैब चालक ने कैब रोक दी और सवारी समेत फटाफट बाहर निकल आया। उधर, आग लगने से उस सड़क पर जाम लग गया। दमकलकर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने के बाद कार को सड़क से हटाया गया। जिसके बाद ही जाम हटाई जा सकी। 

Desk Team