नयी दिल्ली : दिल्ली कैबिनेट ने ऑटो रिक्शा किराए को प्रति किलोमीटर डेढ़ रुपये बढ़ाने की किराया समीक्षा समिति की अनुशंसाओं को शुक्रवार को मंजूरी दे दी। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने बताया कि शुरुआती दो किलोमीटर के लिए लगने वाला 25 रुपये अब शुरुआती डेढ़ किलोमीटर के लिए लागू होगा। गहलोत ने बताया कि परिवहन विभाग की अधिसूचना के बाद नयी दरों को लागू किया जाएगा।
एक सवाल के जवाब में परिवहन मंत्री ने कहा कि किराया समीक्षा आरक्षित विषय नहीं है और उसके लिए उपराज्यपाल की मंजूरी लेने की जरूरत नहीं है। शहर में ऑटोरिक्शा का मौजूदा किराया प्रति किलोमीटर आठ रुपये है जिसे बढ़ाकर 9.50 रुपये कर दिया गया है। किराए में यह 18.75 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। मंत्री ने बताया कि नया किराया वसूलने के लिए ऑटोरिक्शा में लगे मीटरों में नये सिरे से बदलाव किए जाएंगे।


Download Android App
Download iOS App



