Bawana Murder Case: 2 हजार रुपये न देने पर युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने चंद घंटों के भीतर केस सुलझाते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया। यह सनसनीखेज वारदात आउटर नॉर्थ जिले के बवाना थाना इलाके में हुई थी, जहां मामूली पैसों के विवाद में युवक की जान ले ली गई। पुलिस के अनुसार यह घटना बवाना के सेक्टर-3 स्थित एम-ब्लॉक पार्क के पास हुई।
शिकायतकर्ता मुनीश अली ने पुलिस को बताया कि वह एक फैक्ट्री में काम करता है और अपने दोस्त प्रमोद के साथ रहता था। बुधवार रात दोनों काम से घर लौट रहे थे, तभी पार्क के पास तीन लड़कों ने उन्हें रोक लिया और 2000 रुपये की मांग की। जब उन्होंने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों और प्रमोद के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
झगड़े के दौरान चाकू से हमला, तीन गिरफ्तार
कहासुनी के दौरान एक नाबालिग आरोपी ने अपने पास रखा चाकू निकाला और प्रमोद की गर्दन पर हमला कर दिया। हमला करने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल प्रमोद को तुरंत एमवी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बवाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि यह कार्रवाई बवाना एसीपी सुनील कुमार की देखरेख में एसएचओ गौरव सिंह (आईपीएस) की नेतृत्व मेे सब इस्पेक्टर अमित, एएसआई हरीश , हेडकास्टेबल प्रदीप, जितेंद्र , पंकज की टीम ने पकड़ा है।
टीम ने टेक्निकल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की पहचान की। लगातार छापेमारी और पूछताछ के बाद तीनों नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पार्क में बैठे थे और वहां से गुजर रहे दोनों युवकों से पैसे मांगने लगे। पैसे न देने पर झगड़ा हुआ और गुस्से में एक आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें: जाफराबाद: पतंग का मांझा दो मेट्रो पावर केबल के बीच फंसने से धमाका


Download Android App
Download iOS App




