बिहार के सारण जिले में सोमवार रात अज्ञात बदमाशों ने भाजपा के स्थानीय नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक पूर्व में बजरंग दल और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े हुए थे। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि भाजपा नेता गंगोत्री प्रसाद के बेटे पीयूष आनंद (27) रात को छपरा से गडखा जा रहे थे तभी मकीमपुर गांव के पास अज्ञात अपराधियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी।
गडखा के थाना प्रभारी गौरीशंकर ने बताया कि सूचना के मिलने के तत्काल बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई थी और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अब तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। मृतक सदर अस्पताल में दवा वितरण केंद्र में कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर तैनात थे। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को छपरा बंद का आह्वान किया।
घटना के विरोध में छपरा की सभी दुकानें बंद हैं और लोग अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इस बीच सारण भाजपा के उपाध्यक्ष श्रीनिवास सिंह का कहना है कि मृतक अखिल भारतीय परिषद से जुड़ा हुआ था और सामाजिक कायरें में बढ़ चढ़कर भाग लेता था। उन्होंने कहा कि मृतक के पिता शुरू से ही भाजपा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से छपरा बंद का आह्वान किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



