नई दिल्ली : पिछले 21 साल से हम वनवास काट रहे हैं लेकिन दिल्ली के कार्यकर्ताओं में इतनी क्षमता है कि हम मिलकर इसे खत्म कर सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने शुक्रवार को दो दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने जितनी बड़ी जीत दी है उतनी बड़ी चुनौती भी हमारे सामने खड़ी है।
उन्होंने कहा कि पिछले 54 महीनों में जिस व्यक्ति ने दिल्ली को छला और ठगा है उसका लोकतंत्र में भरोसा नहीं है। झूठे वादे करके उन्हें पूरा करने पर भी उसके माथे पर सिकन नहीं होती है। यहां तक की थप्पड़ खाने के बाद भी उसके माथे पर सिकन नहीं आती है। उन्होंने कहा कि जिस शहर में यमुना जी हों और वहां के लोग पानी के लिये तरस रहे हों इससे बड़ी विडंबना और क्या हो सकती है। दिल्ली को पीछे ले जाने में कांग्रेस का भी बहुत बड़ा योगदान है क्योंकि 15 सालों तक उन्होंने दिल्ली के साथ धोखा किया है हमें इस बात का भी ध्यान रखना चाहिये।
उन्होंने कहा आने वाले समय में हमें दिल्ली में रिकाॅर्ड सदस्य बनाने हैं और पार्टी की जीत पर फोकस करना है। प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि दिल्ली में लगभग 57 प्रतिशत वोट भाजपा को मिले है। हमें दिल्ली विधानसभा चुनाव में इसे अधिक जनता का प्यार व आशीर्वाद पाना है। प्रत्येक कार्यकर्ता लक्ष्य के साथ विधानसभा में काम करे और कमजोर बूथ को मजबूत बनाने के साथ-साथ मजबूत बूथ को और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास करें। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अभय वर्मा ने एक प्रस्ताव रखा जिस पर प्रदेश पदाधिकारियों ने अपने सुझाव दिये तथा इस पर शनिवार को विस्तार से चर्चा की जायेगी।


Download Android App
Download iOS App



