नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी यूथ विंग के संयुक्त सचिव अमित मिश्रा और लीगल सेल के पूर्वी दिल्ली जिलाध्यक्ष रूप मोहन शर्मा अपने साथियों के साथ रविवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। भाजपा दिल्ली प्रदेश कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी की उपस्थिती में सभी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इसके अतिरिक्त रिटायर्ड एसीपी नियमपाल सिंह समेत कई प्रोफेशनल्स ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, जिसमें सीए, एडवोकेट और इंजीनियर शामिल हैं। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष अभय वर्मा, पूर्व विधायक अनिल बाजपेयी, मीडया सह-प्रभारी नीलकांत बख्शी उपस्थित थे। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सहयोगी भी अब आम आदमी पार्टी से निराश हैं क्योंकि केजरीवाल को एनआरसी तक पता नहीं है इसलिए उल्टे-सीधे बयान देकर लोगों में भ्रम फैला रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की प्रबल इच्छाशक्ति का परिणाम कश्मीर से अनुच्छेद 370 को खत्म किया जाना है जिससे प्रभावित होकर दिल्ली ही नहीं पूरे देश में लोग भाजपा के सदस्य बन रहे हैं। हर कोई राष्ट्रवादी विचाराधारा से प्रेरित विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की संगठन शक्ति व प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व से प्रभावित होकर भाजपा परिवार का विस्तार लगातार बढ़ता ही जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



