दिल्ली में अपनी गारंटी न पूरी करने का ठीकरा ‘आप’ पर फोड़ेगी भाजपा : आतिशी

Summary :

दिल्ली में भाजपा अपने वादों को पूरा करने में नाकाम: आतिशी

आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने कहा है कि दिल्ली चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के लोगों से कई वादे किए थे, जिसमें प्रमुख था दिल्ली की हर महिला को ढाई हजार रुपए प्रति माह आर्थिक सहायता देने का। यह वादा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी गारंटी के रूप में किया था।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने यह भी दावा किया था कि जैसे ही उनकी सरकार बनेगी, पहले कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी जाएगी और 8 मार्च तक दिल्ली की हर महिला के खाते में ढाई हजार रुपए की पहली किस्त भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि लेकिन अब भारतीय जनता पार्टी के अंदर कुछ सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है कि पार्टी का इन वादों को पूरा करने का कोई इरादा नहीं है। भाजपा के विधायक आपस में लड़ रहे हैं कि कौन किस विभाग का मंत्री बनेगा, और वे यह बहाना बनाने की योजना बना रहे हैं कि दिल्ली सरकार के पास पैसा नहीं है, और इसका दोष आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर डाल दिया जाएगा।

आतिशी ने कहा कि भाजपा ये आरोप लगाएगी कि आप सरकार ने दिल्ली को वित्तीय संकट में डाल दिया है, और इसी वजह से भाजपा अपने वादों को पूरा नहीं कर पाएगी। इसको लेकर आतिशी ने कहा है कि दिल्ली सरकार ने बीते 10 सालों में वित्तीय स्थिति और विकास कार्यों पर जोर दिया है। 2014-15 में जब दिल्ली में राष्ट्रपति शासन था, तब दिल्ली का कुल बजट 31,000 करोड़ था। लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार आने के बाद, दिल्ली का बजट 10 सालों में 77,000 करोड़ तक पहुंच गया, यानी दस साल में 46,000 करोड़ का इजाफा हुआ। यह बताता है कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली की आर्थिक स्थिति को सुधारने में काफी योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि दिल्ली का कर्ज भी कम हुआ है, 2014 में कर्ज जीडीपी अनुपात 6.6 प्रतिशत था, जो 2023 में घटकर 3 प्रतिशत पर आ गया। इसके अलावा, दिल्ली देश का एकमात्र रेवेन्यू सरप्लस राज्य है, जिसका श्रेय भी आम आदमी पार्टी की सरकार को जाता है।

आतिशी ने भाजपा को चुनौती दी है कि वे अपने वादों को पूरा करें, खासकर दिल्ली की हर महिला को ढाई हजार रुपए देने का वादा, जिसे पहले कैबिनेट की बैठक में पास किया जाना चाहिए और 8 मार्च तक उनके बैंक खातों में भेजा जाना चाहिए। उन्होंने कहा है कि इससे साफ है कि दिल्ली सरकार ने अपनी वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ किया है, और अब यह देखना होगा कि भारतीय जनता पार्टी इन वादों को पूरा कर पाती है या नहीं। दिल्लीवाले उम्मीद करते हैं कि भाजपा अपने वादों को निभाएगी और दिल्ली के विकास में अपनी भूमिका निभाएगी।

आतिशी ने कहा कि आउटगोइंग मुख्यमंत्री होने के नाते मैं आज दिल्ली वालों के सामने पिछले 10 साल में दिल्ली में आप ने जो इकोनॉमिक ग्रोथ किया है, मैं आज दिल्ली वालों के सामने रखना चाहती हूं कि भारतीय जनता पार्टी आने वाले समय में कोई भी बहाना न बना पाए और दिल्ली वालों को किए गए वादों को पूरा करे।

उन्होंने कहा कि हमें पुरानी सरकारों से विरासत में जो कर्ज मिला था, हमने उसे भी चुकाया और उसे 3 प्रतिशत तक लेकर आए। उत्तर प्रदेश में डेब्ट टू जीडीपी रेशियो 32.5 प्रतिशत है। मध्य प्रदेश में 33 प्रतिशत है। आतिशी ने कहा कि उनका काम करने का नहीं, लूटने का इरादा है। इसलिए दिल्ली सरकार की वित्तीय स्थिति, जो हम भाजपा को हैंडओवर करके जा रहे हैं, कि जिस तरह से 10 साल में ढाई गुना दिल्ली का बजट आम आदमी पार्टी ने बढ़ाया है, इससे यह बिल्कुल साफ है कि दिल्ली एक रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है और हमें उम्मीद है कि भारतीय जनता पार्टी अपने वादे पूरे करेगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.