उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंदनगरी इलाके में सोमवार सुबह लोगों के एक समूह ने निजी रंजिश में कथित तौर पर हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी और उसके बेटे को घायल कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। दिल्ली भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख नवीन कुमार ने कहा कि मृतक की पहचान पार्टी कार्यकर्ता जुल्फिकार कुरैशी (50) के रूप में हुई है।
स्थानीय भाजपा नेताओं ने दावा किया कि कुरैशी एक आरटीआई कार्यकर्ता थे और अवैध स्क्रैप डीलरों का विरोध करते थे। यह घटना उस समय हुई जब कुरैशी और उनका 22 वर्षीय बेटा अपने घर के पास घूम रहे थे। पुलिस ने बताया कि कुरैशी को सिर में गोली मारी गई, जबकि उसके बेटे पर धारदार हथियार से हमला किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कुरैशी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पूर्वी) वेद प्रकाश सूर्या ने कहा कि उनके बेटे का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, दोनों कई आपराधिक मामलों में भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि निजी दुश्मनी का मामला होने का संदेह है लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सूर्या ने कहा, हमने मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्धों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।


Download Android App
Download iOS App



