नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के उत्तरी उपनगर दमदम के बाजार इलाके में एक बहुमंजिला इमारत के सामने मंगलवार को हुए बम ब्लास्ट में एक बच्चे की मौत हो गई। दमदम बाजार उत्तर कोलकाता की एक मशहूर मार्केट है। घटना के बाद सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच वाक युद्ध छिड़ गया है।
तृणमूल के नेताओं ने आरोप लगाया है कि इस धमाके में उनकी पार्टी के नेताओं को निशाना बनाने की साजिश थी। घटना में जान गंवाने वाले 7 वर्षीय बच्चे की पहचान बिभाष घोष के रूप में हुई है। राज्य के तकनीकी शिक्षा मंत्री और स्थानीय विधायक पुरेंदु घोष ने बताया कि विभाष की मौत एसएसकेएम अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई।
घटना में बच्चे की मां भी घायल हो गई थी जिसका अभी इसी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया है कि घटना की प्राथमिक जांच में पता चला है कि यह एक देशी बम था और लो इंटेंसिटी का था। यह धमाका 9:15 पर हुआ, धमाका इतना तेज था की पास की बिल्डिंग का कांच टूटकर बिखर गया। जिस दुकान के बाहर धमाका हुआ उसका शटर भी मामूली रूप से छतिग्रस्त हो गया।


Download Android App
Download iOS App



