पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों से गूंजा पुस्तक मेला

Summary :

विश्व पुस्तक मेले में उस वक्त अफरातफरी का माहौल बन गया, जब जेएनयू के कुछ छात्रों द्वारा आजादी के नारे लगाए गए।

नई दिल्ली : विश्व पुस्तक मेले में उस वक्त अफरातफरी का माहौल बन गया, जब जेएनयू के कुछ छात्रों द्वारा आजादी के नारे लगाए गए। आजादी के नारे के बीच वहां पर मौजूद पुस्तक प्रेमियों ने जेएनयू के छात्रों का विरोध किया। लेकिन जेएनयू के छात्र लगातार आजादी के नारे लगा रहे थे। 
इस बीच पुस्तक प्रेमियों ने भी पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरु कर दिए। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों की तदाद में भीड़ एकजुट हो गई। सब यहीं जानने की कोशिश कर रहे थे, कि आखिर क्यों पुस्तक मेले में जेएनयू के छात्र आजादी के नारे लगा रहे हैं, इस बीच छात्र व पुस्तक प्रेमी आपस में भिड़ने से भी नहीं रूके। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जैसे-तैसे लोगों को शांत करवाया। 
दरअसल, दोपहर 4 बजे के करीब कुछ सोसाइटी के लोग पुस्तक मेले में पहुंचे थे। इस बीच वह हॉल नंबर-12 के बाहर नुक्कड़ नाटक कर जेएनयू के छात्रों को सपोर्ट करने लगे। इस बीच यहां से गुजरने वाले पुस्तक प्रेमी रुककर नाटक देखने लगे। इसी बीच किसी एक छात्र ने आजादी के नारे लगाने शुरू कर दिया और देखते ही देखते आजादी के नारों से विश्व पुस्तक मेला गूंजने लगा।
भारत जिंदाबाद के लगे नारे  
पुस्तक प्रेमी बार-बार जेएनयू के छात्रों को समझा रहे थे कि आजादी के नारे मत लगाओ, लेकिन जब वह नहीं माने तो उनके नारे को जवाब देने के लिए कुछ युवाओं ने भारत जिंदाबाद के नारे लगाए। युवाओं ने कहा कि देशद्रोही की कब्र खुदेगी वीर सावरकर की धरती पर।
माहौल बिगाड़ने आए जेएनयू के छात्र 
आजादी के नारों के बीच पुस्तक प्रेमी ने बताया कि वह हॉल नंबर-12 से हॉल नंबर-10 की ओर जा रहे थे। इस दौरान यहां पर जेएनयू के छात्रों द्वारा देश को तोड़ने की बात की जा रही थी। हमने उन्हें समझाने की कोशिश की। लेकिन वह नहीं मान रहे थे। विश्व पुस्तक मेले में जेएनयू के छात्र माहौल बिगाड़ने के लिए पहुंचे थे। डीसीपी नई दिल्ली ईश सिंघल ने बताया कि पांच लोगों को हिरासत में लिया गया, पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।  

Desk Team