नई दिल्ली : राजधानी में सूर्य उपासना का महापर्व की शुरुआत हो गई है। दिल्ली सरकार ने इसके लिए व्यापक कदम उठाए हैं। इस बार छठ पूजा के लिए 72 से बढ़ाकर 1108 घाटों को तैयार किया गया है, जिनमें सभी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इसकी जानकारी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दी है। वहीं दिल्ली के राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत ने गुरुवार को छठ पूजा उत्सव की तैयारियों की समीक्षा के लिए दिल्ली के हाथी घाट व कुदेशिया घाट का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि सभी श्रद्धालुओं को छठ पर्व मनाने के लिए अपने घर से दूर न जाना पड़े इसलिए हमने 72 से बढ़ाकर इस साल 1108 घाट बनाए हैं। सभी घाटों पर दिल्ली सरकार शानदार इंतजाम कर रही हैं। वहीं राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत ने कई घाटों का निरीक्षण कर विभाग के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि भक्त पूजा का आनंद लें और उन्हें कोई असुविधा न हो।
मंत्री ने बताया कि हर घाट पर बिजली कनेक्शन, पानी, मोबाइल शौचालय, टेंट, लाउड स्पीकर, प्राथमिक चिकित्सा किट आदि सहित सभी सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही मंत्री ने सभी अधिकारियों को सप्ताहांत में व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए उपलब्ध रहने और सतर्क रहने का निर्देश दिया है।


Download Android App
Download iOS App



