पूर्वी दिल्ली : शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के साइबर सेल ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम देता था। पकड़े गए आरोपी की पहचान दाउद अंसारी (34) के तौर पर हुई है। आरोपी ने गीता कॉलोनी की एक युवती के साथ इस तरीके से 85,896 रुपयों का चूना लगाया था। युवती की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को देवघर, झारखंड से दबोचा है।
इसके पास से एक मोबाइल फोन, दो डेबिट कार्ड, चार पासबुक व चेक बुक बरामद हुई हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पीडि़ता परिवार सहित गीता कालोनी इलाके में रहती है। उसे क्लब फैक्टरी से कुछ सामान खरीदना था। सामान की ऑनलाइन पेमेंट करने में उसे दिक्कत हो रही थी। इस पर युवती ने गूगल की मदद से क्लब फैक्टरी का कस्टमर केयर नंबर लिया।
कॉल करने पर आरोपियों ने कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर युवती से बातचीत की। युवती से उसके एक्सिस बैंक के डेबिट कार्ड का सीवीवी नंबर, ओटीपी नंबर पूछकर आरोपियों ने खाते से 85 हजार रुपये से अधिक की रकम ऑनलाइन उड़ा ली। युवती ने 15 नवंबर को गीता कालोनी थाने में शिकायत की तो जांच का जिम्मा जिले की स्पेशल सेल को सौंप दिया गया। इंस्पेक्टर संजय शर्मा के नेतृत्व में एसआई देवेंद्र चहर, हेड कांस्टेबल राजीव व अन्यों की टीम का गठन किया गया।
टीम ने आरोपी की सीडीआर निकाली। इसके अलावा गूगल पर फर्जी कस्टूमर केयर नंबरों की जांच की गई तो पता चला कि सभी फर्जी कस्टमर केयर नंबर देवघर झारखंड से डाले गए थे। पुलिस ने छानबीन के बाद झारखंड में छापेमारी कर आरोपी दाउद अंसारी को दबोच लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर लोगों को चूना लगाता था। लोग उनको कॉल करते थे तो वह उनसे सीवीवी और ओटीपी नंबर पूछकर ऑन लाइन पैसा ई-वॉलेट्स व बैंक में ट्रांसफर करा लेते थे।


Download Android App
Download iOS App



