दिल्ली पुलिस ने सीलमपुर में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन के बाद हुई हिंसा के संबंध में बुधवार को दो और लोगों को गिरफ्तार किया, जिससे मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। पुलिस इस संबंध में पहले ही छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस संबंध में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के कर्मियों ने बुधवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर और जाफराबाद में फ्लैग मार्च निकाला। संशोधित नागरिकता कानून को खत्म करने की मांग को लेकर एक दिन पहले इन्हीं इलाकों में प्रदर्शन हुए थे, जिसमें बड़े पैमाने पर हिंसा देखने को मिली।
दिल्ली पुलिस की ओर से कहा गया है कि कानून व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को घटनास्थल पर लगाया गया है। हालात पर समीक्षा के लिए बैठकें की गई हैं। दिल्ली में कुछ उत्तर पूर्वी इलाकों में धारा 144 लगाई गई है। फिलहाल कोई घटना सामने नहीं आई है। अपवादस्वरूप रोड नंबर 13 है जहां कुछ लोग प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हुए थे।
दिल्ली पुलिस ने कहा, घटना के वीडियो की छानबीन की जा रही है ताकि अपराधियों को पकड़ा जा सके। घटना में किसी को गोली लगने की खबर नहीं है। जिन सोशल मीडिया अकाउंट पर अफवाह फैलाने की जानकारी मिली है, दिल्ली पुलिस उन कंपनियों के सामने यह मुद्दा उठाएगी। दिल्ली पुलिस ने फेसबुक और टि्वटर यूजर्स को सावधान रहने के लिए कहा है क्योंकि गलत सूचना फैलाने वालों पर पुलिस लगातार नजर रख रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



