IRS अधिकारी के ठिकानों पर CBI की छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति बरामद

Summary :

दिल्ली-मुंबई-पंजाब में CBI की बड़ी कार्रवाई

सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में आईआरएस अधिकारी पर छापेमारी की, जिसमें 3.5 किलो सोना, दो किलो चांदी और एक करोड़ रुपए नकद बरामद हुए। अधिकारी ने 45 लाख की रिश्वत की मांग की थी।

रिश्वतखोरी के एक गंभीर मामले की चल रही जांच के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली, मुंबई और पंजाब में भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी और एक निजी व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद कई ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान सीबीआई ने लगभग 3.5 किलोग्राम सोना, दो किलोग्राम चांदी और करीब एक करोड़ रुपए की नकदी बरामद की। 2007 बैच के आईआरएस अधिकारी, जिनकी गिरफ्तारी की गई है, वह वर्तमान में नई दिल्ली के आईटीओ स्थित सीआर बिल्डिंग में करदाता सेवा निदेशालय में अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे। सीबीआई ने उनके खिलाफ 31 मई 2025 को मामला दर्ज किया था। सीबीआई के अनुसार, आईआरएस अधिकारी ने एक शिकायतकर्ता से 45 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। यह राशि राजस्व/आयकर विभाग से अनुकूल व्यवहार दिलाने के बदले में मांगी गई थी। मांग को लेकर शिकायतकर्ता को कानूनी कार्रवाई, भारी जुर्माना और उत्पीड़न की धमकी भी दी गई थी। सीबीआई ने इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और आरोपी निजी व्यक्ति को 25 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

रेलवे इंजीनियर के ठिकानों पर CBI का छापा, 70 लाख नकद और सोना जब्त

दिल्ली, मुंबई और पंजाब में स्थित विभिन्न ठिकानों पर छापे मारकर सीबीआई ने 3.5 किलो सोना (मूल्य लगभग 2.3 करोड़ रुपए), दो किलो चांदी, करीब एक करोड़ रुपए नकद, 25 बैंक खातों और एक लॉकर के दस्तावेज बरामद किए। इसके अलावा, कई अन्य दस्तावेज और डिजिटल सबूत भी बरामद किए गए। सीबीआई ने बताया कि बरामद सभी चल और अचल संपत्तियों का कुल मूल्यांकन अभी जारी है तथा जांच में और खुलासे होने की संभावना है।

दोनों आरोपियों को 1 जून 2025 को विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस पूरे मामले में सीबीआई की जांच जारी है। यह रिश्वत आरोपी अधिकारी के मोहाली स्थित आवास पर मांगी और ली जा रही थी। इसके बाद अधिकारी को उनके वसंत कुंज, नई दिल्ली स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.