भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने करीब 15 साल से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे रमन सिंह की तारीफ करते हुए उन्हें अपराजेय योद्धा करार दिया है। शाह ने राजधानी रायपुर में शनिवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर मेमोरियल अस्पताल के ऑडिटोरियम में बुद्धिजीवियों के साथ बैठक के दौरान यह बात कही। इस दौरान डॉ सिंह ने कहा कि उन्होंने पार्टी के कई राष्ट्रीय अध्यक्षों के साथ काम किया है लेकिन शाह सबसे मेहनती अध्यक्ष हैं।
शाह की छत्तीसगढ़ यात्रा को सफल माना जा रहा है। अमित शाह और रमन सिंह के प्रयासों से कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामदयाल उइक को भाजपा में वापस लाने में सफलता मिली है जो कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। रामदयाल उइक पहले भाजपा के विधायक थे। वह बाद में कांग्रेस में शामिल हो गये।
उइक 18 वर्ष से कांग्रेस में थे और इस वर्ष की शुरुआत में उन्हें प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया। रामदयाल उइके ने शनिवार को बिलासपुर में शाह और पार्टी के कई बड़े नेताओं की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उइके कांग्रेस का बड़ा नाम रहे हैं और पाली तानाखार से विधायक हैं।
राहुल कितनी भी कोशिश कर ले छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की दाल नहीं गलने वाली : शाह
उन्होंने हाल ही में नकली सीडी बनाने के प्रकरण के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भुपेश बघेल पर निशाना भी साधा। भाजपा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ की ढाई दिन की यात्रा समाप्त होने के बाद रविवार और सोमवार को चुनावी राज्य मध्यप्रदेश का दौरा करेंगे। भाजपा सूत्रों के अनुसार अमित शाह मध्य प्रदेश के दौरे के दौरान रविवार को होशंगाबादा और भोपाल संभाग के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को होशंगाबाद में संबोधित करेंगे।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में 12 नवंबर और 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा जबकि मध्य प्रदेश में एक चरण में 28 नवंबर को मतदान होगा। दोनों राज्यों में भाजपा 2003 से सत्ता में है। इस वर्ष सात दिसंबर को रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल का 15 वर्ष पूरा हो जायेगा। भाजपा को दोनों राज्य में 15 साल के शासन के बाद इस वर्ष के चुनावों में कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। तेल की बढ़ती कीमतों समेत कई मुद्दों को लेकर सत्ता विरोधी लहर तेज है।


Download Android App
Download iOS App



