नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार के अधीनस्थ 1034 सड़कों पर बने नाले अभी तक कीच और गंदगी से भरे हुए हैं। सरकार अपनी असफलता से इतनी शर्मिंदा है कि उसने अपनी वेबसाइट से डिसिल्टिंग की प्रगति की रिपोर्ट ही देनी बंद कर दी है।
पिछले साल तक सरकार द्वारा प्रत्येक नाले और ड्रेन पर डिसिल्टिंग किए जाने की विस्तृत जानकारी और प्रतिशत प्रगति दी जाती थी, लेकिन सरकार ने सारी जानकारी पर पर्दा डाल दिया है। वेबसाइट पर इस संबंध में जानकारी नहीं दी जा रही है। गुप्ता ने कहा कि डिसिल्टिंग 14 अप्रैल से शुरू हुई थी और 15 जून तक समाप्त हो जानी चाहिए, लेकिन अभी तक मुश्किल से कुछ ही नालों पर डिसिल्टिंग की गई है।
वास्तविक स्थिति यह है कि अधिकतर नाले दूर से ही बदबू मार रहे हैं और गंदगी से पटे पड़े हैं। नेता विपक्ष ने कहा कि भाजपा विधायक बुधवार को लोक निर्माण विभाग तथा सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के नालों का निरीक्षण करेंगे। अब जब लगभग 10 दिन रह गए हैं तब लगभग 85 प्रतिशत काम अधूरा पड़ा है।


Download Android App
Download iOS App



