नई दिल्ली : यदि तीन दिनों के अंदर संविदा पर काम कर रहे कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं किया तो आप सबके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसी भी हाल में जल्द से जल्द इन्हे वेतन दिया जाए। यह धमकी दिल्ली सरकार के श्रम मंत्री गोपाल राय ने लोकनायक अस्पताल (एलएनजेपी) के अधिकारियों को दी।
दरअसल, वह मंगलवार को एलएनजेपी अस्पताल के दौरे पर गए थे और इस दौरान संविदा पर काम कर रहे कर्मचारियों ने पिछले कई महीनों से वेतन नहीं मिलने की शिकायत की थी। इसी पर गोपाल राय ने अधिकारियों को तीन दिनों के अंदर वेतन देने की बात कही है। राय ने कहा कि वेतन से संबंधित फाइल को तीन दिन के अंदर क्लियर नहीं करने वाले अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
गोपाल राय ने एलएनजेपी अस्पताल में संविदा पर काम करने वाले विभिन्न क्षेत्र जैसे हाउस कीपिंग, नर्सिंग अर्दली, सुरक्षा कर्मचारी, डाटा एंट्री ऑपरेटर इत्यादि से सम्बंधित लोगों से बात की तथा उनकी समस्या को सुना। गोपाल राय ने संबंधित अधिकारी को उनकी समस्या का निदान करने का आदेश दिया।
इसके अलावा राय ने एलएनजेपी अस्पताल में काम करने वाली एजेंसी से पिछले 6 महीने के कर्मचारियों का ब्योरा देने का आदेश दिया। एजेंसी को निर्देश दिया कि अगर पिछले छह महीने में उन्होंने किसी कर्मचारी को नौकरी से निकाला है तो उसका कारण भी बताए। श्रम विभाग के अधिकारी से कहा इन एजेंसी के कागज की जांच करें।


Download Android App
Download iOS App



