भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि आसमान में छाए बादलों, दिल्ली के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं और हल्की बारिश ने शुक्रवार को पारा नियंत्रित रखा, जबकि अगले सप्ताह लू चलने से तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।
न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज
दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो साल के इस समय के लिए सामान्य है। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हल्की बारिश दर्ज
राष्ट्रीय राजधानी में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलीं, जबकि लोधी रोड, सफदरजंग, पीतमपुरा और रिज क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी के वैज्ञानिक चरण सिंह ने बताया, ”स्थानीय विकास के कारण शहर में ‘बहुत हल्की’ से ‘हल्की’ बारिश हुई। अरब सागर या बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं के कारण कुछ नमी आ गई है जिस कारण बादल बन गए हैं इसलिए बारिश हुई है।”
शनिवार से तापमान बढ़़ना शुरू हो जाएगा – मौसम विभाग
मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार से तापमान बढ़़ना शुरू हो जाएगा।
आईएमडी ने कहा, सोमवार से एक ताज़ा लू चलेगी और मंगलवार को पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
लंबे इंतजार के बाद बुधवार को दिल्ली में छिटपुट जगहों पर ओलावृष्टि और हल्की बारिश देखने को मिली।
शहर में गर्म और शुष्क मार्च देखा गया, जिसमें सामान्य तौर पर होने वाली 15.9 मिमी की तुलना में शून्य वर्षा हुई। 12.2 मिमी के मासिक औसत के मुकाबले अप्रैल में 0.3 मिमी बारिश हुई।
महीने के अंत में लू ने दिल्ली के कई हिस्सों में पारा 46 और 47 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा दिया था।


Download Android App
Download iOS App



