गणेश चतुर्थी के अवसर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज शाम भव्य गणेश पूजन में हिस्सा लेंगे। पूजन का शाम 7:00 बजे टीवी पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। पूजन में मुख्यमंत्री के अलावा दिल्ली सरकार के कई मंत्री भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, “हम एक भव्य गणेश पूजन का आयोजन कर रहे हैं और मैं दिल्लीवासियों सहित देश के सभी 130 करोड़ लोगों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित करता हूं। उम्मीद है कि एक चमत्कार होगा और हमारी सभी इच्छाएं पूरी होंगी क्योंकि 130 करोड़ लोग एक साथ भगवान श्री गणेश की पूजा करेंगे।’

गौरतलब है कि दिल्ली सरकार ने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर गणेश चतुर्थी उत्सव के सार्वजनिक समारोहों पर प्रतिबंध लगा दिया है। मुख्यमंत्री ने गणेश उत्सव को देशभक्ति और आध्यात्मिकता का मिश्रण बताते हुए आज शाम लोगों को ‘आरती’ के सीधे प्रसारण में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
केजरीवाल ने कहा कि इस अवसर पर बॉलीवुड गायक शंकर महादेवन और सुरेश वाडेकर भक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा कि गणेश चतुर्थी समारोहों ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लोगों को एकजुट करने का काम किया। उन्होंने माता-पिता से अपने बच्चों में देशभक्ति और आध्यात्मिकता की भावना विकसित करने की अपील भी की।


Download Android App
Download iOS App



