दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित के नेतृत्व में रविवार को महरौली जिला कांग्रेस कमेटी और बदरपुर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा अपने-अपने जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए गए। शीला दीक्षित ने कहा कि केजरीवाल भ्रम फैला रहे हैं कि संसदीय चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में गठबंधन करके दिल्ली में चुनाव लड़ेंगे।
लेकिन मैं साफ कर देना चाहती हूं कि कांग्रेस कोई गठबंधन नहीं करने जा रही है, वह अपने दम पर सातों सीटों पर चुनाव लड़ेगी और दिल्ली में भाजपा को परास्त कर सभी सीटों पर विजय प्राप्त करेगी। शीला दीक्षित ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए अनशन की बात करके लोगों को भटका रहे है, जबकि वह जानते है कि संसद का सत्र खत्म हो गया है और अब नई सरकार बनने पर ही नया सत्र शुरू होगा तब ही दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के लिए बिल लाया जा सकता है।
लेकिन केजरीवाल झूठी वाह-वाही के लिए दिल्ली के लोगों में भ्रम फैला रहे हैं। मैं उनसे पूछती हूं कि चार साल पहले उन्होंने यह अनशन क्यों नहीं किया, सिर्फ चुनाव को देखकर ही उन्हें अब दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाना क्यों याद आ रहा है। महरौली जिला कांग्रेस कमेटी में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन जिला अध्यक्ष राजेश चौहान ने किया और बदरपुर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन जिला अध्यक्ष विष्णु अग्रवाल ने किया। इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया भी मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



