नई दिल्ली : राज्यसभा सांसद और पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल ने प्याज के आसमान छूते दामों पर कहा कि जब प्याज के दाम बढ़ना शुरू हुए तब केंद्र सरकार ने नेफेड के जरिये दिल्ली सरकार को 15.60 रुपए किलो प्याज मुहैया करना शुरू किया जिसे दिल्ली सरकार ने 24 रुपए किलो बेचा।
उन्होंने बताया कि केजरीवाल लगातार झूठ की राजनीति कर रहे हैं। इस पर केजरीवाल सरकार के सिविल सप्लाई कोऑपरेशन ने नेफेड को पत्र लिखकर कहा कि उनके पास प्याज कि उचित व्यवस्था और स्टॉक है। अब केंद्र सरकार नेफेड के जरिये दिल्ली में भेजी जाने वाली प्याज की आपूर्ति बंद कर दें।
गोयल ने बताया कि 23 नवंबर को पत्र लिखकर केंद्र सरकार ने केजरीवाल सरकार से पूछा था कि उन्हें कितना प्याज चाहिए? लेकिन केजरीवाल ने कोई जवाब नहीं दिया था। देश के कई अन्य राज्यों ने भी केंद्र सरकार को पत्र लिखकर प्याज की मांग की थी पर केजरीवाल सरकार की तरफ से कुछ नहीं आया।
केजरीवाल ने जब देखा की जनता में रोष है और लगातार केंद्र सरकार प्याज के दाम कम करने के लिए प्याज का आयात कर रही है तब उन्होंने ये झूठी अफवाहें फैलाना शुरू कर दिया। गोयल ने कहा कि केंद्र सरकार मिस्र से 6,000 टन प्याज आयात कर रही है और 11,000 टन प्याज टर्की से आयात कर रही है। यह प्याज कुछ ही दिनों में बाजार में आ जाएगी और प्याज की बढ़ी कीमतों से लोगों को राहत मिलेगी।


Download Android App
Download iOS App



