कोरोना वायरस को लेकर CM केजरीवाल ने सिसोदिया और दिल्ली पुलिस आयुक्त के साथ उपराज्यपाल बैजल से की मुलाकात

Summary :

कोरोना वायरस (कोविड-19) के प्रसार को रोकने संबंधी कदमों पर चर्चा के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने उपराज्यपाल अनिल बैजल से मंगलवार को मुलाकात की।

राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस (कोविड-19) के प्रसार को रोकने संबंधी कदमों पर चर्चा के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने उपराज्यपाल अनिल बैजल से मंगलवार को मुलाकात की। एक अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार उपराज्यपाल कार्यालय में हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में दिल्ली पुलिस के आयुक्त एस एन श्रीवास्तव भी उपस्थित थे। अधिकारी ने बताया कि बैठक में कोरोना वायरस प्रकोप के कारण उत्पन्न हो रही स्थिति पर चर्चा की गई।
बता दें देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है और वायरस के प्रकोप को देखते हुए राज्य और केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है। कई राज्यों में कर्फ्यू और लॉकडाउन जारी है। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण का एक भी नया मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि इस समय स्थिति को नियंत्रण में रखना सबसे बड़ी चुनौती है। वहीं अब तक दिल्ली में कोविड-19 के 30 मामले सामने आ चुके हैं।

लॉकडाउन के प्रति लोगों के लापरवाह रवैये के लिए PM मोदी की ‘ताली बजाओ’ अपील है जिम्मेदार : शिवसेना

गौरतलब है कि चीन से फैले इस खतरनाक वायरस ने विश्व के 195 देशों को अपनी चपेट में ले लिया है। विश्वभर में मंगलवार को कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 382,010 पहुंच गई है। वहीं 16,558 लोग वायरस के कारण अपनी गंवा चुके है। भारत में कोरोना वायरस (कोविड-19) के मामले बढ़कर 511 पहुंच गए है। वहीं मरने वालों का आंकड़े 10 पहुंच गया है। देश में वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।

Desk Team