CM केजरीवाल ने कहा- कंझावला की घटना बेहद शर्मनाक, दोषियों को कड़ी सजा मिले

Summary :

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कंझावला (Kanjhawala) की घटना को ‘‘दुर्लभतम अपराध’’ करार देते हुए सोमवार को उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना (V.K. Saxena) से आरोपियों के खिलाफ ‘‘मिसाल बनने वाली कार्रवाई’’ करने का आग्रह किया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कंझावला (Kanjhawala) की घटना को ‘‘दुर्लभतम अपराध’’ करार देते हुए सोमवार को उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना (V.K. Saxena) से आरोपियों के खिलाफ ‘‘मिसाल बनने वाली कार्रवाई’’ करने का आग्रह किया।
बता दें दिल्ली में 50 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम में केजरीवाल ने कंझावला की घटना को लेकर कहा, ‘‘यह दुर्लभ से दुर्लभतम अपराध है। पता नहीं, समाज किस ओर जा रहा है। मुझे पता चला है कि पोस्टमार्टम चल रहा है।’’इस घटना को ‘‘बेहद शर्मनाक’’ घटना करार देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं अपील करता हूं कि आरोपियों को, चाहे वे कितने भी रसूख वाले हों, सख्त से सख्त सजा दी जाए।’’इससे पहले, केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने इस घटना के संबंध में उपराज्यपाल से भी बात की थी।
 घटना से जुड़ी एक खबर ट्विटर पर की साझा 
केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘कंझावला मामले पर माननीय उपराज्यपाल से बात की। उनसे दोषियों के खिलाफ अनुकरणीय कार्रवाई करने का अनुरोध किया। दोषियों के खिलाफ आईपीसी (भारतीय दंड संहिता) की सख्त से सख्त धाराएं लगाई जानी चाहिए। अगर उनके उच्च राजनीतिक संबंध हैं तो भी कोई नरमी नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह कड़ी कार्रवाई करेंगे।’’
इससे पहले केजरीवाल ने ट्वीट कर 20 वर्षीय युवती के लिए इंसाफ की मांग की।केजरीवाल ने घटना से जुड़ी एक खबर ट्विटर पर साझा करते हुए लिखा, ‘‘कंझावला में हमारी बहन के साथ जो हुआ, वह बेहद शर्मनाक है। मैं उम्मीद करता हूं कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाएगी।’’

 हत्या करने के दावे भी किए जा रहे हैं
घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर आया है जिसमें युवती के शरीर पर कपड़े नहीं है और उसके पैर में चोट नजर आ रही है। इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो सामने आने के बाद से युवती के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या करने के दावे भी किए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि यह एक सड़क हादसा था।
संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेजा गया
दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने इस घटना के संबंध में शहर की पुलिस को नोटिस भेजा है।पुलिस ने बताया कि युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेजा गया है। उनके अनुसार, युवती का पैर कार के एक पहिए में फंस गया था, जिससे वह वाहन के साथ करीब चार किलोमीटर तक घिसटती चली गई।

Desk Team