CM केजरीवाल ने BJP समर्थकों से कहा- 8 फरवरी को दबाएं ‘झाड़ू’ का बटन

Summary :

केजरीवाल ने कहा, “अगर आप भाजपा या कांग्रेस समर्थक हैं, तो अपनी पार्टी का समर्थन जारी रखें। लेकिन वोट कृपया आप को ही दें।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहर में विकास कार्य जारी रखने के लिए शुक्रवार को भाजपा और कांग्रेस समर्थकों से अपनी-अपनी पार्टियों के प्रति राजनीतिक निष्ठा के बावजूद आम आदमी पार्टी को वोट देने का आग्रह किया। उन्होंने एक वीडियो संदेश को ट्वीट किया, जिसमे उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े विकास कार्य जारी रखेगी, जबकि विपक्षी दल सत्ता में आने पर इसे रोक देंगे।
केजरीवाल ने कहा, “अगर आप भाजपा या कांग्रेस समर्थक हैं, तो अपनी पार्टी का समर्थन जारी रखें। लेकिन वोट कृपया आप को ही दें। मैं किसी भी पार्टी के लिए बुरा नहीं बोलना चाहता, लेकिन आप इस बात से सहमत होंगे कि 70 वर्षों में किसी भी पार्टी ने स्कूलों, अस्पतालों और बिजली की परवाह नहीं की। हमने यह सब सुधारने के लिए पिछले पांच वर्षों में बहुत मेहनत की। अगर कोई दूसरी पार्टी सत्ता में आती है तो शिक्षा और स्वास्थ्य के सभी विकास कार्य रुक जाएंगे।”


केजरीवाल ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भाजपा और पंजाब में कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए कहा कि दोनों ने अपने राज्यों में बिजली की कीमत में बढ़ोतरी की है, “लेकिन मैंने इसे आपके लिए सस्ता कर दिया।” मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं पिछले पांच वर्षों में आपकी मदद के लिए आया हूं और मेरा भरोसा कीजिए, आने वाले पांच वर्षों में भी मैं आपकी मदद के लिए आऊंगा। मैं आपकी राजनीतिक प्राथमिकताओं के बावजूद आपको एक परिवार के रूप में मानता हूं।” उन्होंने कहा कि शहर के लोगों को आम आदमी पार्टी को चुनना है, “इसलिए, आठ फरवरी को ‘झाड़ू’ बटन दबाएं।”

बता दें झाड़ू आम आदमी पार्टी का चुनाव चिन्ह है और दिल्ली में आठ फरवरी को चुनाव होने वाले हैं। 

Desk Team