प्याज के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा और आप पर साधा निशाना

Summary :

सुभाष चोपड़ा ने कहा है कि प्याज की आसमान छू रही कीमतों के लिए केन्द्र की मोदी सरकार व दिल्ली की केजरीवाल सरकार जिम्मेदार है।

नई दिल्ली : महंगी प्याज के मुद्दे पर कांग्रेस ने केन्द्र की भाजपा और दिल्ली की आप सरकार पर निशाना साधा है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा है कि प्याज की आसमान छू रही कीमतों के लिए केन्द्र की मोदी सरकार व दिल्ली की केजरीवाल सरकार जिम्मेदार है। 
उन्होंने चेतावनी दी यदि प्याज की बढ़ी हुई कीमतों के लिए सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस कार्यकर्ता केन्द्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री राम विलास पासवान का घेराव करेंगे। प्याज की कीमतों पर तंज कसते हुए चोपड़ा ने कहा कि दिल्ली में प्याज की कीमतें 120 रुपये को भी पार कर गई हैं। 
उन्होंने कहा कि यहां डॉलर सस्ता है और प्याज महंगी है। दिल्ली में प्याज व सब्जियों की कीमतें इसलिए भी और ज्यादा है क्योंकि केन्द्र व दिल्ली सरकार की जमाखोरों से सांठगांठ है। उन्होंने दिल्ली सरकार की सस्ती प्याज बेचने की योजना को नाटक करार देते हुए कहा कि आज दिल्ली के लोग सस्ते प्याज की दुकानों को ढूंढ रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस बात पर भी आश्चर्य व्यक्त किया कि एक ओर प्याज सड़ रहा है वहीं दूसरी ओर आम आदमी प्याज को ढूंढ रहा है। 
उन्होंने याद दिलाया कि 1998 में दिल्ली में भाजपा की सरकार थी और इसी तरीके से प्याज की कीमतें अनियंत्रित ढंग से बढ़ी थी और सरकार को हाथ धोना पड़ा था। उन्होंने कहा कि आज भी कमोबेश वही स्थिति है और दिल्ली के लोग अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहे है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता व वरिष्ठ नेता मुकेश शर्मा ने कहा कि न तो कांग्रेस और न ही भाजपा ने प्याज की कीमतें कम करने के गंभीर प्रयास किए। भाजपा व आप पार्टी प्याज की कीमतों पर केवल राजनीतिक बयानबाजी करके अपनी जिम्मेदारी से भाग रही हैं।

Desk Team