दक्षिणी दिल्ली : ड्यूटी का प्रेशर, घरेलू परेशानी और शादी के 8 साल बाद भी बच्चे नहीं होने का तनाव दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल पर इस कदर हावी हो गया कि उसने देर रात अपने ही सर्विस पिस्टल से खुद के सिर पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना के दौरान वह धौला कुआं इलाके में स्थित सुब्रोतो पार्क पुलिस चौकी में ड्यूटी इंचार्ज के तौर पर तैनात था।
पूरी वारदात घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें उक्त कांस्टेबल पिस्टल से खुद को गोली मारता हुआ दिखाई पड़ रहा है। घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस के एक अधिकारी ने मृतक पुलिसकर्मी की पहचान 40 साल के परुण त्यागी के तौर पर की गई है, जो दिल्ली कैंट इलाके में स्थित सुब्रोतो पार्क पुलिस चौकी में कांस्टेबल के तौर पर तैनात था।
पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना शुक्रवार और शनिवार देर रात की है। इस दौरान परुण सुब्रोतो पार्क पुलिस चौकी में बतौर ड्यूटी इंचार्ज तैनात था। जहां देर रात करीब साढ़े बारह बजे के आसपास उसने खुद को पिस्टल से गोली मार कर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में पता चला कि घटना से पहले परुण अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था।


Download Android App
Download iOS App



