नई दिल्ली : पूर्वी दिल्ली में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने के बावजूद कूड़े पर घमासान जारी है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने का कोई खासा असर शनिवार को नहीं दिखा। पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए 71 सफाई कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। इनमें से शाहदरा दक्षिण जोन के 40 सफाई कर्मचारी हैं वहीं 31 कर्मचारी शाहदरा उत्तरी जोन के हैं। शनिवार को कुछ ही सफाई कर्मचारी सड़क पर आकर झाड़ू लगाते हुए दिखाई दिये। वहीं ऑटो टिपर कुछ ही इलाकों में घर-घर कूड़ा उठाते हुए दिखी। शुक्रवार को महापौर, कमिश्नर और सफाई कर्मचारियों की लंबी बैठक चलने के बाद घोषणा की गई थी कि सफाई कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है।
हालांकि बाद में पता चला की हड़ताल को लेकर सफाई कर्मचारी दो धड़ों में बट गये हैं। सफाई कर्मचारियों के एक धड़े ने शाहदरा दक्षिणी जोन के दफ्तर पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उन्होंने सोमवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। दिल्ली प्रदेश सफाई मजदूर यूनियन ने कमिश्नर और महापौर की आश्वासन पर सहमति जताते हुए हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर दिया, जबकि हड़ताल का आह्वान करने वाली एमसीडी स्वच्छता कर्मचारी यूनियन ने लिखित में आश्वासन नहीं मिलने तक हड़ताल जारी रहने की बात कही थी।
हड़ताल : दो धड़ों में बंटे सफाईकर्मी
महापौर की ओर से भी कहा गया था कि सफाई कर्मचारियों की मांगें मान ली गई हैं और इन्होंने हड़ताल भी खत्म कर दी है। प्रशासन की ओर से भी सख्ती बरतने का आदेश आया था। शुक्रवार के पूरे घटनाक्रम के बाद शाहदरा दक्षिणी जोन में तो सफाई व्यवस्था पहले की तरह चरमाई दिखाई दी, जबकि शाहदरा उत्तरी जोन में ऑटो टिपर घर-घर से कूड़ा इकट्ठा करते हुए नजर आए। विश्वास नगर, शाहदरा इलाके में कूड़े से ढेर सड़कों पर पड़े दिखे। यही हाल सीलमपुर, जाफराबाद इलाके का भी रहा। इस पर दिल्ली प्रदेश सफाई मजदूर यूनियन के अध्यक्ष जयभगवान चारन ने कहा कि हमारी मांगें मान लेने के बाद हमने हड़ताल खत्म कर दी है और कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। सोमवार से कर्मचारियों को परमानेंट करने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया है। 5000 पोस्ट क्रिएट की गई हैं।


Download Android App
Download iOS App



