बिहार के विवादास्पद निर्दलीय विधायक और बाहुबली अनंत सिंह ने शुक्रवार को दिल्ली की एक अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। सिंह के घर से 16 अगस्त को एक एके-47 राइफल बरामद की गई थी और तब से वह फरार चल रहे थे।
उनके वकील ज्ञानेंद्र मिश्रा ने बताया कि सिंह मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट हारुन प्रताप के समक्ष पेश हुए और दावा किया कि उन्हें ‘‘राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता’’ के कारण मामले में झूठा फंसाया गया है। मिश्रा ने बताया कि अदालत ने दिल्ली पुलिस को उन्हें जल्द से जल्द पूरी सुरक्षा के साथ बिहार की संबंधित अदालत में पेश करने के निर्देश दिये।
वकील ने आरोप लगाया कि सिंह को बिहार में अपनी जान का खतरा था और इसलिए वह दिल्ली की अदालत में आत्मसमर्पण करना चाहते थे। सिंह के पैतृक घर से एक एके-47 और हथगोला बरामद होने के बाद उनके खिलाफ आतंकवाद विरोधी कानून- ‘‘गैरकानूनी गतिविधियां (निरोधक) अधिनियम’’ (यूएपीए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। मोकामा से विधायक सिंह के घर पर पुलिस ने छापेमारी की थी।


Download Android App
Download iOS App



