दिल्ली में कोरोना ने फिर मारा उछाल, 24 घंटे में 331 नए मामले आए सामने, एक मरीज की हुई मौत

Summary :

देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना ने एक बार फिर पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 331 नए मामले सामने आए और इस दौरान 1 मरीज की जान चली गई।

देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना ने एक बार फिर पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 331 नए मामले सामने आए और इस दौरान 1 मरीज की जान चली गई। राजधानी में इस दौरान 144 मरीज ठीक भी हुए हैं। दिल्ली में अब कोरोना के ऐक्टिव मरीजों की संख्या 1,289 हो गई है। दिल्ली में लगातार दूसरे दिन वहीं, पॉजिटिविटी दर 0.5% से ज्यादा रही। दिल्ली में आज पॉजिटिविटी दर बढ़कर 0.68% पर पहुंच गया है। दिल्ली में लगभग 6 महीने बाद इतने ज्यादा केस रिपोर्ट किये गए हैं।
कोरोना के 331 नए मामले मिलने से हड़कंप
एक दिन में करोना संक्रमण के 331 मामले दर्ज किए जाने से स्वास्थ्य विभाग  में हड़कंप मच गया है। अब स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। डर है कि अगर मामले इसी तरह से रफ्तार पकड़ते रहे तो बहुत ही जल्द पाबंदियों को और भी सख्त करना पड़ेगा।  हालात इसी तरह से बिगड़ते रहे तो जल्द ही दिल्ली में येलो अलर्ट जारी करना पड़ सकता है। अगर येलो अलर्ट जारी होता है, तो दुकाने ऑड-ईवन के तहत खुलेंगी.साथ ही पाबंदियां भी सख्त कर दी जाएंगी।
हालात बिगड़े तो जारी हो सकता है येलो अलर्ट
दिल्ली में येलो अलर्ट जारी होते ही नाइट कर्फ्यू के समय में भी इजाफा कर दिया जाएगा। फिर पाबंदियां रात 11 की बजाय 10 बजे से सुबह 5 बजे तक लागू रहेंगी। साथ ही ऑड-ईवन के तहत दुकानें सुबह 10 बजे से शाम 8 बजे तक ही खोली जा सकेंगी। साथ ही रेस्तरां भी सिर्फ 50 फीसदी क्षमता के साथ ही खोले जा सकेंगे। सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स भी खोलने की परमिशन नहीं होगी।
हर दिन बढ़ रहे संक्रमण के केस
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी कोरोना का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। डॉक्टर समेत 16 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वैशाली के रहने वाले एक डॉक्टर में संक्रमण की पुष्टि हुई है। बड़ी संख्या में संक्रमित मरीज मिलने के बाद भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। त्योहारी सीजन में दिल्ली में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। हर दिन मामलों में तेजी देखी जा रही है। इससे सरकार की चिंता और भी बढ़ गई है।

Desk Team