दक्षिणी दिल्ली : दिल्ली के दो अलग-अलग मामलों में सड़क दुर्घटना में तीन साल की बच्ची सहित दो लोगों की मौत हो गई। मृतक बच्ची की पहचान इकरा (3) के रूप में की गई है, जिसकी ई-रिक्शे के नीचे दबकर मौत हुई है, जबकि दूसरे मृतक का नाम मनोज यादव (40) बताया जा रहा है। पहला मामला द्वारका नॉर्थ थाना इलाके का है, जहां मामले की सूचना पुलिस को मिलने के बाद ई-रिक्शा चालक अंकित (23) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को शनिवार शाम करीब तीन बजे मामले की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बच्ची को लेकर नजदीकी अस्पताल जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इकरा अपने परिवार के साथ द्वारका सेक्टर-14 में रहती थी और शनिवार शाम को कुछ अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी।
इकरा के माता-पिता बिहार में रहते हैं, जबकि वह अपनी मौसी के घर पर आई थी। इकरा की दोनों बहनें और भाई भी बिहार में ही बताए जा रहे हैं। दूसरा मामला सरिता विहार थाना इलाके का है, जहां रेडलाइट पर खड़ी एक बाइक को तेज रफ्तार डम्पर ने पीछे से टक्कर मार दी। घटना के बाद वारदातस्थल पर ही बाइक सवार की मौत हो गई।
शुक्रवार रात को हुई इस घटना में मृतक की पहचान मनोज यादव के रूप में हुई है, जो लखपत कॉलोनी का रहने वाला था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। आरोपी की पहचान बुलंदशहर निवासी पुष्पेन्द्र कुमार के रूप में की गई है।


Download Android App
Download iOS App



