Delhi Development Authority : दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने पहली बार विशेष रूप से देश के ‘कर्मजीवियों’ को केंद्र में रखकर आवास योजना शुरू की है। स्वतंत्रता दिवस से पहले लॉन्च की गई ‘डीडीए कर्मजीवी आवास योजना-2026’ के तहत वर्तमान और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों के अलावा कॉरपोरेट क्षेत्र, कारोबार, उद्यमिता और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े लोगों को नरेला में 1,200 से अधिक रेडी-टू-मूव फ्लैट 25 प्रतिशत की छूट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
दिल्ली के उपराज्यपाल एवं डीडीए के अध्यक्ष तरनजीत सिंह संधू के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य ऐसे लोगों को सम्मान देना और उन्हें राजधानी में अपना घर उपलब्ध कराना है, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। डीडीए का कहना है कि योजना के जरिए घर खरीदने को अधिक किफायती और सुलभ बनाया जा रहा है। योजना के तहत नरेला के पॉकेट-11, सेक्टर ए-1 से ए-4 में स्थित 1 बीएचके, 2 बीएचके और 3 बीएचके श्रेणी के 1,200 से अधिक तैयार फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। 25 प्रतिशत छूट के बाद 1 बीएचके फ्लैट की शुरुआती कीमत 33.40 लाख रुपये, 2 बीएचके की 75.55 लाख रुपये और 3 बीएचके की 1.065 करोड़ रुपये होगी। डीडीए के अनुसार 24 जुलाई से पंजीकरण शुरू होगा, जबकि 15 अगस्त से ‘पहले आओ-पहले पाओ’ (फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व) आधार पर ऑनलाइन बुकिंग की जाएगी। पूरी प्रक्रिया डीडीए आवास पोर्टल के माध्यम से संपन्न होगी
सभी फ्लैट होंगे फ्रीहोल्ड
डीडीए ने इस योजना में कई खरीदार हितैषी प्रावधान भी किए हैं। सभी फ्लैट फ्रीहोल्ड होंगे, जिससे खरीदारों को पूर्ण स्वामित्व का अधिकार मिलेगा। योजना का लाभ लेने के लिए पहले से मकान न होना जरूरी नहीं है। यदि कोई पात्र व्यक्ति पहले से किसी आवासीय संपत्ति का मालिक है, तब भी वह इस योजना के तहत फ्लैट खरीद सकेगा। डीडीए के निर्धारित नियमों के अनुसार दो सटे हुए फ्लैटों को एक साथ जोड़ने की सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा इच्छुक खरीदार बुकिंग से पहले नमूना फ्लैट का निरीक्षण कर सकेंगे।
पहली तिमाही में सैकड़ों फ्लैटों की हुई बिक्री
डीडीए के मुताबिक नरेला उप-शहर तेजी से विकसित हो रहे दिल्ली के प्रमुख आवासीय क्षेत्रों में शामिल हो चुका है। परियोजना आगामी मेट्रो स्टेशन से करीब 1.2 किलोमीटर, प्रस्तावित आरआरटीएस स्टेशन से 1.9 किलोमीटर, नरेला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से दो किलोमीटर, प्रस्तावित एजुकेशन हब से पांच किलोमीटर और यूईआर-1 व जीटी करनाल रोड के बेहद करीब स्थित है। बेहतर सड़क संपर्क, सार्वजनिक परिवहन, शिक्षा और खेल संबंधी विकसित हो रहे ढांचे के कारण यह इलाका भविष्य के प्रमुख आवासीय केंद्र के रूप में उभर रहा है।डीडीए के आंकड़ों के अनुसार चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 1,284 फ्लैटों की बिक्री से 1,020 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। इनमें अकेले नरेला में 1,153 फ्लैट बिके, जो कुल बिक्री का लगभग 90 प्रतिशत है। इससे नरेला में बढ़ती आवासीय मांग और लोगों के भरोसे का संकेत मिलता है।


Download Android App
Download iOS App




