Delhi News : दिल्लीवासियों के लिए लंबे इंतजार के बाद बारापुल्ला फेज-3 कॉरिडोर अब उद्घाटन के लिए तैयार है। करीब एक दशक से अधिक समय से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना का 29 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहेंगी। उद्घाटन से पहले दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शनिवार को परियोजना स्थल का दौरा कर निर्माण कार्यों और तैयारियों का जायजा लिया। बारापुल्ला फेज-3 के शुरू होने से पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-I को सराय काले खां से सीधी और सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी मिलेगी। यह कॉरिडोर सराय काले खां में पहले से संचालित बारापुल्ला कॉरिडोर से जुड़ेगा। इसके पूरा होने के बाद बारापुल्ला कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 9 किलोमीटर हो जाएगी। इससे मयूर विहार, सराय काले खां और दक्षिण दिल्ली के बीच सड़क संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने निरीक्षण के दौरान कहा कि दिल्ली इस परियोजना के पूरा होने का एक दशक से अधिक समय से इंतजार कर रही थी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान परियोजना लंबित रही, लेकिन वर्तमान सरकार बनने के बाद इसके निर्माण कार्य की लगातार समीक्षा की गई और आवश्यक अनुमतियों व मंजूरियों को पूरा कराने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और शहरी कनेक्टिविटी बेहतर करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और सहयोग से दिल्ली की महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को गति देने का काम किया जा रहा है।
बारापुल्ला फेज-3 परियोजना को वर्ष 2014 में मिली थी मंजूरी
बारापुल्ला फेज-III परियोजना को वर्ष 2014 में मंजूरी मिली थी और 2015 में इसका निर्माण शुरू हुआ था। इसे मूल रूप से 2017 तक पूरा किया जाना था, लेकिन विभिन्न कारणों से परियोजना में लगातार देरी हुई। देरी के साथ इसकी लागत में भी वृद्धि हुई और अब इसकी संशोधित लागत करीब 1,635 करोड़ रुपये बताई गई है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के मुताबिक एलिवेटेड कॉरिडोर के दोनों रैंप का निर्माण पूरा हो चुका है। एक रैंप मयूर विहार की ओर और दूसरा सराय काले खां के पास मौजूदा बारापुल्ला कॉरिडोर से जुड़ता है। यमुना नदी पर बनाया गया एक्स्ट्रा-डोज्ड ब्रिज भी तैयार हो चुका है।
साइकिल ट्रैक और पैदल यात्रियों के लिए सुविधाएं
परियोजना में वाहनों की आवाजाही के साथ-साथ पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। कॉरिडोर में समर्पित साइकिल ट्रैक और पैदल यात्रियों के अनुकूल बुनियादी सुविधाएं विकसित की गई हैं। पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य केवल वाहनों की कनेक्टिविटी बढ़ाना नहीं, बल्कि सड़क का इस्तेमाल करने वाले विभिन्न वर्गों को आवागमन के अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराना भी है। 29 सितंबर को उद्घाटन के बाद लंबे समय से लंबित यह कॉरिडोर दिल्ली की सड़क कनेक्टिविटी के नेटवर्क में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में जुड़ जाएगा।


Download Android App
Download iOS App




