दिल्ली विधानसभा चुनाव : तृणमूल कांग्रेस का केजरीवाल को समर्थन

Summary :

दिल्ली में चुनाव को लेकर राजनीती चरम पर है। विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी का समर्थन किया है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी का समर्थन किया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नेता डेरेक ओ’ ब्रायन ने गुरुवार को आप उम्मीदवारों का प्रचार करते हुए ट्विटर पर एक वीडियो अपलोड कर लोगों से उन्हें वोट देने की अपील की। 
ममता बनर्जी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के संबंध मैत्रीपूर्ण हैं और 2019 लोकसभा चुनाव में केजरीवाल ने भी पश्चिम बंगाल की अपनी समकक्ष का समर्थन किया था। कोलकाता पुलिस के पूर्व प्रमुख राजीव कुमार के मामले में उन्होंने केन्द्र के खिलाफ बनर्जी का साथ दिया था। वहीं बनर्जी ने भी आम चुनाव के दौरान केजरीवाल पर हुए हमलों की निंदा की थी और मामले में भाजपा पर निशाना साधा था। 

ओ’ ब्रायन ने ट्वीट किया, ‘‘ आम आदमी पार्टी के राजेन्द्र नगर निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार राघव चड्डा को वोट दें। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और सभी ‘आप’ उम्मीदवारों को वोट दें।’’ वीडियो में ओ’ ब्रायन मध्य दिल्ली के राजेन्द्र नगर निर्वाचन क्षेत्र में नजर आ रहे हैं, जहां वह केजरीवाल सरकार का समर्थन करने पहुंचे थे। 
उन्होंने वीडियो में कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पानी, बिजली और प्रदूषण के संबंध में जो वादें किए गए वे पूरे हुए। उन्होंने कहा, ‘‘ उन्होंने जो वादे किए , वे पूरे किए। यहां से राघव चड्डा उम्मीदवार हैं… दिल्ली के युवा प्रतिभावानों में से एक। आप को वोट दें, राघव चड्डा का वोट दें। आम आदमी पार्टी बहुत-बहुत अच्छा करे।’

Desk Team