Delhi : दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने सोमवार को जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में शामिल होकर केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है।
आतिशी ने कहा कि प्रसिद्ध शिक्षाविद सोनम वांगचुक पिछले 16 दिनों से युवाओं के भविष्य की लड़ाई को लेकर अनशन पर बैठे हैं और उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार के लिए देश के युवाओं और उनके भविष्य की कोई कीमत नहीं है।
नीट, जेईई, एसएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से छात्रों और उनके परिवारों की वर्षों की मेहनत तथा आर्थिक संसाधन बर्बाद हो रहे हैं। ऐसे मामलों पर सरकार की चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण है। आतिशी ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
‘आप’ नेता ने आंदोलन में शामिल युवाओं के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि देश का युवा अपने अधिकारों और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब युवा बदलाव के लिए आगे आते हैं तो व्यवस्था को जवाब देना पड़ता है।
आतिशी ने कहा कि हमारी पार्टी इस आंदोलन के साथ मजबूती से खड़ी है और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ रोकने की मांग की।
गोवा के कारापुर आंदोलन को आतिशी का समर्थन
उधर आप नेता आतिशी ने जंतर-मंतर पर गोवा के कारापुर गांव के आंदोलनकारी ग्रामीणों से मुलाकात कर उनके 100 दिन से जारी आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग एक्ट की धारा 39ए के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे जमीन, जंगल और जलस्रोत बिल्डरों को सौंपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप की सरकार बनने पर धारा 39ए और इससे जुड़े सभी विवादित मेगा प्रोजेक्ट रद्द किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : महिला समृद्धि योजना का नाम बदला, अब हुई ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना, महिलाओं को हर माह मिलेंगे 2500 रुपये


Download Android App
Download iOS App




