दिल्ली के मुख्य निर्वाचन कार्यालय (सीईओ) ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के तीन शीर्ष नेताओं से जवाब मांगा है। दरअसल उन्होंने टि्वटर पर कहा था कि मतदाता भाजपा के उम्मीदवार गौतम गंभीर और रमेश बिधुड़ी को वोट देकर अपना मत खराब नहीं करें क्योंकि उन्हें अयोग्य ठहराया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि केजरीवाल के अलावा, आप की पूर्वी दिल्ली की प्रत्याशी आतिशी और दक्षिण दिल्ली से आप के उम्मीदवार राघव चड्ढा से जवाब तलब किया गया है।
26 अप्रैल को आतिशी ने ट्वीट किया था, ‘‘ पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट के मतदाताओं से मेरी अपील है – गौतम गंभीर को वोट देकर अपना मत कृपया बेकार मत कीजिए। वह दो मतदाता पहचान पत्र रखने के लिए में अयोग्य ठहराए जाएंगे।’’
विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों के बीच BJP का दावा : उसके संपर्क में AAP के 14 विधायक
केजरीवाल ने 27 अप्रैल को ट्वीट किया, ‘‘ रमेश बिधुड़ी के खिलाफ आरोप बहुत संगीन हैं। वह निश्चित रूप से अयोग्य ठहराए जाएंगे। दक्षिण दिल्ली के मतदाताओं को उन्हें वोट देकर अपना मत बेकार नहीं करना चाहिए।’’
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के निर्वाचन कार्यालय ने पूछा है कि उन्हें गंभीर और बिधुड़ी को अयोग्य ठहराए जाने के बारे में पहले से कैसे मालूम है।
इस बीच, आप के पश्चिमी दिल्ली के उम्मीदवार बलबीर सिंह जाखड़ को मतदाताओं को भारी संख्या में एसएमएस भेजकर खुद को वोट देने के लिए कहने के आरोप के संबंध में जवाब देने को कहा गया था।
अपने जवाब में, जाखड़ ने कहा कि वह एक वकील हैं और बार एसोसिएशन या उसके शुभचिंतकों ने शायद उन संदेशों को भेजा है। उन्होंने कहा कि वह उन संदेशों के बारे में नहीं जानते हैं।


Download Android App
Download iOS App



