Delhi Pradesh Congress Committee Protest March : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने आज हिंदू राइट विंग संगठनों द्वारा हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस रैली के बाद रैली स्थल के शुद्धिकरण अनुष्ठान के खिलाफ कृष्णा नगर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित शांति मार्च में हिस्सा लेते हुए कहा कि एक तरफ देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है और दूसरी तरफ उतराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद शुद्धिकरण अनुष्ठान करने वालों के खिलाफ सत्तासीन भाजपा के शीर्ष नेताओं की चुप्पी देश की समरसता और समानता के लिए चिंताजनक है।
शांति मार्च से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़ेग के रैली स्थल के शुद्धिकरण अनुष्ठान के खिलाफ प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में निंदा प्रस्ताव को अनुमोदित किया, जिस पर सभी ने सहमति जताई। निंदा प्रस्ताव को प्रदेश महासचिव अनिल भारद्वाज ने रखा। शांति मार्च में उपाध्यक्ष कमलकांत शर्मा, जिलाध्यक्ष सुमित शर्मा, महासचिव दीपक भारद्वाज, कम्युनिकेशन विभाग के वाईस चेयरमैन अनुज आत्रेय, निगम पार्षद समीर मंसूरी, पूर्व पार्षद वरयाम कौर, बंसी लाल, कमल अरोड़ा सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
औछी सोच और भेदभावपूर्ण मानसिकता ही भाजपा का प्रतिबिंब है- यादव
देवेन्द्र यादव ने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाली कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद पर आसीन मल्लिकार्जुन खड़गे के उपस्थिति स्थल पर घृणित मानसिकता वाली कार्यवाही के पीछे भाजपा का हाथ है। औछी सोच और भेदभावपूर्ण मानसिकता ही भाजपा का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि जन नायक, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी देश के प्रत्येक वर्ग के अधिकारों और संरक्षण की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ रहे है, जिनके साथ करोड़ों देशवासी खड़े है। स्वतंत्र भारत में देश की जनता भेदभाव, छुआछूत जैसी कुरीतियों, जो संविधान द्वारा प्रदत्त गरिमा एवं समानता को कमजोर करने के किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नही करेगी।



Download Android App
Download iOS App




