नई दिल्ली : राहुल गांधी को मनाने के लिए अब कांग्रेसी अनशन पर बैठ गए हैं। अनशन पर बैठे कांग्रेसी राहुल को गांधी को अध्यक्ष बने रहने के लिए मनाने में जुटे हैं। 24 अकबर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय पर अनशन पर बैठे दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने राहुल से पार्टी हित में इस्तीफा वापस लेने और राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहने की अपील की है।
दूसरी तरफ दिल्ली कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी राहुल गांधी के सम्मान में इस्तीफा दे रहे हैं। मंगलवार को कृष्णानगर के जिलाध्यक्ष गुरचरण सिंह राजू ने भी अपना इस्तीफा कांग्रेस आलाकमान को सौंपा। साथ ही गुजारिश की है कि राहुल गांधी राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर बने रहें। इससे पहले पटपड़गंज के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने भी इस्तीफा दिया हुआ है। लोकसभा चुनावों में हार के बाद से ही राहुल गांधी अपने इस्तीफे पर अड़े हुए हैं।
पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता उन्हें इस्तीफा वापस लेने के लिए मनाने की कोशिश कर चुके हैं लेकिन, चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए वह अपना इस्तीफा वापस न लेने पर अड़े हुए हैं। इसी क्रम में राहुल से इस्तीफा वापस लेने की मांग करते हुए प्रदेश कांग्रेस के नेता मंगलवार से अनशन पर बैठ गए। अनशन पर बैठे लिलोठिया ने कहा कि चुनाव परिणाम भले ही कुछ भी रहे हों, लेकिन अपने संघर्ष और जुझारूपन से राहुल गांधी देश का दिल जीतने में सफल रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



