नई दिल्ली, (पंजाब केसरी): ईस्ट जिले के मंडावली थाना पुलिस ने मॉडलिंग असाइनमेंट और शादी का झांसा देकर युवतियों व अन्य लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान कौशिक राज उर्फ अंकित सिंह उर्फ अनिकेत सिंह राजपूत (30) के तौर पर हुई है। इसके पास से पीड़िता से हुई व्हाट्सएप चैट वाला मोबाइल फोन और तीन अलग-अलग बैंक खातों की चेकबुक बरामद की हैं।जांच में सामने आया है कि आरोपी की ठगी से पीड़ितों को करीब 33.51 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
थाने में महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी
डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 10 जुलाई को मंडावली थाने में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए उससे संपर्क किया और खुद को फैशन, विज्ञापन व इवेंट मैनेजमेंट इंडस्ट्री का सफल कारोबारी बताया। धीरे-धीरे उसने महिला से प्रेम संबंध बनाए और शादी का झांसा देकर भरोसा जीत लिया।
आरोपी ने खुद को बताया करोड़ों की मालिक
आरोपी ने खुद को करोड़ों की संपत्ति का मालिक बताते हुए फर्जी बायोडाटा दिया और लग्जरी गाड़ियां, महंगी प्रॉपर्टी तथा ऊंची आमदनी का झूठा दावा किया महिला को बाद में पता चला कि आरोपी कई अलग-अलग नामों का इस्तेमाल करता है और उसने अपना पता व अन्य व्यक्तिगत जानकारी भी फर्जी दी थी। आरोप है कि उसने महिला के क्रेडिट कार्ड का भी बिना अनुमति इस्तेमाल किया और ठगी का खुलासा होने के बाद भी उससे पैसे मांगता रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ अनिल मलिक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने डिजिटल चैट, बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और अन्य दस्तावेजों की जांच की।
कई राज्यों में धोखाधड़ी के मामलों में रहा है शामिल
तकनीकी साक्ष्यों और वित्तीय विश्लेषण के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है और बी.टेक. का ड्रॉपआउट है। वह पहले भी दिल्ली समेत कई राज्यों में धोखाधड़ी के मामलों में शामिल रहा है। दक्षिण जिले की साइबर थाना पुलिस उसे ऑनलाइन कॉन्सर्ट टिकट बेचने के नाम पर ठगी के मामले में भी गिरफ्तार कर चुकी है।


Download Android App
Download iOS App




