दिल्ली में लोगों को लूटने के लिए अजीबो गरीब पेंतरे आजमाए जाने का मामला सामने आया है। दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बंदरों का इस्तेमाल कर लूट को अंजाम देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी बलवान नाथ (26) और विक्रम नाथ (23) गुरुवार को चिराग दिल्ली बस स्टैंड के निकट किसी का इंतजार कर रहे थे तभी पुलिस की टीम ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने कहा कि दोनों बंदरों को वन्यजीव केंद्र को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार शहर के ओखला मोड़ के निकट रहने वाले आरोपी अपने तीसरे साथी अजय के साथ मिलकर बंदरों का इस्तेमाल करके लोगों को डराते और उनका कीमती समान लूटते थे। अजय को पकड़ने के प्रयास जारी हैं, जो अभी फरार है।
आरोपियों ने करीब तीन महीने पहले तुगलकाबाद किले के जंगल से बंदरों को पकड़ा था।
पुलिस के अनुसार मामला दो मार्च को सामने आया जब खिड़की एक्सटेंशन में रहने वाले एक अधिवक्ता ने शिकायत दी कि बंदरों के साथ आए तीन लोगों ने उन्हें घेरकर उसने जबरन छह हजार रुपये लूट लिए। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ मालवीय नगर थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 392 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इसके अलावा उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम,1972 की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।


Download Android App
Download iOS App



