Delhi : आउटर नॉर्थ जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने पुलिस मुठभेड़ के बाद 36 आपराधिक मामलों में शामिल एक कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इरशाद अली उर्फ सुकर अली उर्फ शंकर अली (28) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही बाइक बरामद की गई है। डीसीपी शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि आरोपी लंबे समय से पुलिस की तलाश में था। वह आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, लूट और झपटमारी सहित 36 मामलों में शामिल है।
वर्ष 2022 में भी उसे पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था, लेकिन जेल से बाहर आने के बाद वह फिर से अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात एएटीएस टीम को सूचना मिली थी कि इरशाद सन्नोथ गांव के पास नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में आने वाला है। सूचना मिलते ही एसीपी की निगरानी में इंस्पेक्टर ए.के. झा के नेतृत्व में टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी।
कुछ देर बाद आरोपी बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की।
पुलिस ने सेल्फ डिफेंस में बदमाश पर चलाई गोली
इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर दो गोलियां चला दीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें चार राउंड फायर किए गए। एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी और वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी रोहिणी और आउटर नॉर्थ जिले में मोबाइल और चेन स्नैचिंग के कई मामलों में भी वांछित था। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध पिस्टल, कारतूस और बाइक बरामद की है।
अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और हाल की वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसने अवैध हथियार कहां से हासिल किया और किन-किन अपराधों में उसका इस्तेमाल किया।
यह भी पढ़ें : दिल्ली के विंटर एयर क्वालिटी फ्रेमवर्क का विशेषज्ञों ने किया स्वागत, प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर


Download Android App
Download iOS App




