Delhi : दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने मंगलवार को पटेल चौक मेट्रो स्टेशन परिसर में दिल्ली रिज इंटरप्रिटेशन सेंटर (डीआरआईसी) का उद्घाटन किया। इस केंद्र का उद्देश्य दिल्ली रिज की जैव विविधता, पारिस्थितिक महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तहत सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश गोयल मुख्य अतिथि रहे।
वहीं, दिल्ली वन एवं वन्यजीव विभाग के मुख्य वन संरक्षक डॉ. पी. विश्वकन्नन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर चंद्र प्रकाश गोयल ने कहा कि यह केंद्र दिल्ली रिज के इतिहास, विरासत और पर्यावरणीय महत्व को समझने के इच्छुक लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में रिज क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों को भी इस केंद्र की प्रदर्शनी और जानकारी में शामिल किया जाएगा।
आगंतुक 11 रुपये का प्रवेश टिकट लेकर कर सकते हैं केंद्र का भ्रमण
डीएमआरसी के अनुसार, यह केंद्र मंगलवार से रविवार तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक खुला रहेगा। सोमवार और सार्वजनिक अवकाश पर यह बंद रहेगा। मेट्रो से यात्रा नहीं करने वाले आगंतुक 11 रुपये का प्रवेश टिकट लेकर केंद्र का भ्रमण कर सकते हैं। यह केंद्र सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी की सिफारिशों के आधार पर विकसित किया गया है। यहां प्रदर्शित जानकारी और प्रदर्शनियां दिल्ली रिज की समृद्ध जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन में उसकी भूमिका को दर्शाती हैं।
यह भी पढ़ें : भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, बदलेगा मौसम का मिजाज, 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा तापमान


Download Android App
Download iOS App




