Delhi : दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने ब्लू लाइन पर यात्रियों की सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के अपग्रेडेशन कार्यों का जायजा लेने के लिए 10 और 11 जुलाई की रात विस्तृत निरीक्षण किया।
आधी रात से सुबह तक चले इस निरीक्षण में उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे निर्माण और सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
डीएमआरसी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान डॉ. कुमार ने स्टेशनों के पुनर्विकास, नए एस्केलेटर लगाने, स्वचालित किराया संग्रह (एएफसी) गेटों के पुनर्स्थापन तथा यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए किए जा रहे अन्य बुनियादी ढांचा सुधार कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और निर्माण कार्य की गुणवत्ता का भी आकलन किया।
यह निरीक्षण द्वारका सेक्टर-14, द्वारका मोड़, राजौरी गार्डन, करोल बाग, आर.के. आश्रम, इंद्रप्रस्थ और नोएडा सिटी सेंटर सहित ब्लू लाइन के कई प्रमुख स्टेशनों पर किया गया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा निर्माण के दौरान यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो।
सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने पर जोर
विकास कुमार ने कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं और गुणवत्ता मानकों से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने पर भी जोर दिया। डीएमआरसी ने बताया कि इस तरह के रात्रिकालीन निरीक्षण नियमित रूप से किए जाते हैं, ताकि परिचालन प्रभावित किए बिना विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जा सके।
यह निरीक्षण आधी रात करीब 12 बजे द्वारका सेक्टर-21 स्टेशन से शुरू होकर शुक्रवार सुबह लगभग पांच बजे नोएडा सिटी सेंटर स्टेशन पर समाप्त हुआ। निगम के अनुसार, अधिकांश रखरखाव और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य रात में इसलिए किए जाते हैं, ताकि दिन के समय मेट्रो सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह भी पढ़ें : DU UG नामांकन : पहली सीट अलॉटमेंट सूची 16 जुलाई को होगी जारी


Download Android App
Download iOS App




